मौसम विभाग ने बताया, मानसून 31 मई को केरल पहुंचेगा। मध्य प्रदेश में 16 से 21 जून और राजस्थान में 25 जून से 6 जुलाई तक पहुंचने के आसार हैं। IMD के आंकड़ों के मुताबिक, 1918 में मानसून सबसे पहले 11 मई को केरल पहुंच था, जबकि 1972 में सबसे देरी से 18 जून को केरल पहुंचा था।
कर्नाटक के हुबली में एक महीने के अंदर नेहा हिरेमथ मर्डर केस जैसा मामला सामने आया है। 15 मई को अंजली अंबीगेरा (21) नाम की लड़की पर विश्वा उर्फ गिरीश सावंत (23) नाम के लड़के ने चाकू से वार किया, जिसमें अंजली की मौत हो गई। अंजली ने विश्वा का प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके बाद उसने अंजली के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी।
उत्तराखंड की चार धाम यात्रा पर गए श्रद्धालुओं को गंगोत्री यमुनोत्री रूट पर अब भी 5-6 घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि चार दिन में इन धामों पर कुल 11 मौतें हो चुकी हैं। यात्रा के लिए अब तक 26.73 लाख ऑनलाइन, वहीं 1.42 लाख ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन हुए हैं। अब तक 2.76 लाख से ज्यादा लोग दर्शन कर चुके हैं।
मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग गिरने वाली जगह पर चार दिन बाद दो शव निकाले गए। हादसे में कुल 16 लोगों की जान गई है। मुंबई में 13 मई की दोपहर धूल भरी आंधी और बारिश हुई थी। इस दौरान घाटकोपर में एक अवैध होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गया था। 100 फीट ऊंचे और 250 टन वजन वाले लोहे के होर्डिंग के नीचे कई कार, टू-व्हीलर्स और लोग दब गए थे। हादसे में 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
इंदौर के पास बेटमा में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स घायल हो गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस देर से पहुंची, आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की।