जयपुर के बिंदायका राजकीय स्कूल में आयोजित NEET री-एग्जाम के दौरान एक परीक्षार्थी के पास मोबाइल मिलने का मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही डीसीपी प्रशांत किरण और अन्य पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परीक्षार्थी की पहचान गुर्जर की थड़ी निवासी हिमांशी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से करीब 10 मिनट पहले पहुंची थी. महिला वीक्षक को शक होने पर शाम करीब 5 बजे उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान शर्ट के अंदर छिपाकर रखा गया मोबाइल बरामद हुआ.
घटना की सूचना मिलने के बाद परीक्षार्थी के परिजन भी परीक्षा केंद्र पहुंच गए. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मोबाइल परीक्षा के दौरान इस्तेमाल किया गया था या नहीं. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
बता दें कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG का री-एग्जाम कल, 21 जून 2026 (रविवार) को देश भर में आयोजित किया गया. पिछली गलतियों से सबक लेते हुए केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार परीक्षा को पूरी तरह से ‘लीक-प्रूफ’ और सुरक्षित बनाने के लिए सैन्य-स्तर की सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स का इस्तेमाल किया.



