जिले के थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदहला में आगामी दिनांक 17 अगस्त 2026 को नागपंचमी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर अकलतरा क्षेत्र के पोड़ीदहला पहाड़ में विशाल मेले का आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जांजगीर -चांपा पुलिस ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं।
*पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS* के निर्देशन में *नवपदस्थ ASP जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क* ने आज दिनांक 12.08.26 को स्वयं ग्राम पोड़ीदहला पहुंचकर आगामी नागपंचमी पर्व की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों की जानकारी ली।
*ASP डॉ. यूलैंडन यार्क* ने क्षेत्र के पहाड़ी मित्रों एवं नागपंचमी मेला आयोजन समितियों से संपर्क कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक चर्चा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
*युवाओं एवं अभिभावकों से विशेष अपील*
पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में घूमने वाले युवकों को समझाइश दी गई कि हाथ में चूड़ा पहनकर मेले में न आएं, जिससे भीड़ में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि नाबालिग बच्चों को भीड़भाड़ वाले मेले में अकेला न छोड़ें तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने, पुलिस एवं मेला समिति द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नागपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराना है।



