Wednesday, February 4, 2026

बावन लाख करोड़ के बजट में कोई नया टैक्स नहीं लगाना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है

कोरबा। 1 फरवरी 2026 को भारत सरकार की माननीय वित्तमंत्री परम आदरणीय श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत किया गया वित्तीय वर्ष 2026 का बजट अपने आप में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट है। लगभग ₹52 लाख करोड़ (₹52,00,00,00,00,000) का विशाल बजट प्रस्तुत करने के बावजूद आम जनता पर कोई अतिरिक्त टैक्स नहीं लगाया जाना, मोदी सरकार की मजबूत आर्थिक नीति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कोरबा के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी अशोक मोदी ने इसे संतुलित, समावेशी और जनहितकारी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों, स्वास्थ्य, रक्षा, रेलवे और इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को समान रूप से ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

अशोक मोदी ने कहा कि युवाओं के लिए आईटी मैन्युफैक्चरिंग, कंटेंट क्रिएटिव लैब्स तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देना भारत को भविष्य की तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु शी-मार्ट तथा STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं मैथ्स) फंड जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।

उन्होंने आगे कहा कि कैंसर, हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता किया जाना आम नागरिकों के लिए अत्यंत राहतकारी निर्णय है। साथ ही स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधान सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।

अशोक मोदी ने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करता है, बल्कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर देश को तेजी से आगे बढ़ाने वाला बजट है। उन्होंने इस ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बताया।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -