न्यूज जांजगीर-चांपा ।आस्था, भव्यता और संस्कृति के अद्भुत संगम का प्रतीक रहा वर्ष -2026 का दुर्गा उत्सव , नैला में ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ । श्रीश्री दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति ,नैला द्वारा आयोजित इस महोत्सव ने पूरे छत्तीसगढ़ ही नही , देश भर में अपनी अलग पहचान बनाई हैं ।
इस वर्ष क्या था आखिर मुख्य आकर्षण
अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर की सुंदर प्रतिकृति
150 फीट ऊंचा और 200 फीट चौड़ा विशाल पंडाल । जैसे ही श्रद्धालु अंदर प्रवेश करते ,उन्हें लगता मानो वे अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामी नारायण मंदिर में आ गए हो। सफेद संगमरमर जैसी चमक और नक्काशीदार खंभे ।
रत्न-जड़ित 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा
इस अवसर पर सहभागी शशिभूषण सोनी ने कहा कि पंडाल के भीतर ‘ नैला की महारानी ‘ का भव्य दरबार सजाया गया था , जिसे देखने मैं सपरिवार पहुंचा । 35 फीट ऊंची, रत्न-जड़ित , हीरे-मोतियों से जड़ी मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा , जिसकी आंखों में करुणा और हाथों में शक्ति का अद्भुत तेज था ।
कला का अद्भुत संगम
पश्चिम बंगाल के कलाकारों की शिल्पकला , स्थानीय कलाकारों की रचनाधर्मिता और श्रीश्री दुर्गा उत्सव समिति की सुव्यवस्था यानी कि तीनों का ऐसा संगम कि देखने वाले भी दांतों तले उंगली दबा लें ।
इस अवसर पर हजारों-लाखों श्रद्धालु पहुंचे । महोत्सव में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र , उड़ीसा , झारखंड, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के रत्न-जड़ित दरबार में मत्था टेकने पहुंचे । 10 दिनों तक अग्रेसन भवन, नैला के सामने स्थित स्थल पर मेला जैसा माहौल रहा ।
सुरक्षा में प्रशासन का अनुकरणीय योगदान
समिति से जुड़े हुए पवन अग्रवाल ने प्रिंट मीडिया के शशिभूषण सोनी को बताया कि इतनी बड़ी भीड़ को संभालना समिति के लिए आसान नही था । सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस विभाग , जिला प्रशासन का अनुकरणीय योगदान रहा । दिन-रात पुलिस जवान तैनात रहे , ट्रैफिक और भीड़-भाड़ नियंत्रण शानदार रहा । उन्होंने यह भी कहा कि
इसी को दृष्टिगत रखते हुए दुर्गा उत्सव संपन्न होने के पश्चात समिति ने अधिकारियों को कार्यालय पर पहुंच सम्मानित करने का निर्णय लिया।
सम्मान समारोह में क्या हुआ
आयोजित कार्यक्रम में समिति की ओर से कलेक्टर जांजगीर-चांपा जन्मेजय महोबे का शॉल , श्रीफल और अमूल्य सहयोग हेतु आभार एवं सम्मान हेतु स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया । उन्हें महाप्रसाद का एक पैकेट देकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया ।
प्रशासन का योगदान अनुकरणीय
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेश पालीवाल , मनोज कालू अग्रवाल , संदीप शर्मा , विक्रम पालीवाल , गुप्ता जी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे । सभी ने कहा ‘ प्रशासन के सहयोग के बिना इतना बड़ा आयोजन सफल होना संभव नही था ।
नैला का दुर्गोत्सव छः राज्य के लिए मिसाल – कलेक्टर महोदय
कलेक्टर महोदय ने भी समिति के प्रयासों की सराहना की और कहा कि नैला का दुर्गा पंडाल पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए मिसाल बन गया हैं ।




