कोरबा, 16 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामाकछार में जनसमस्या निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पाली–तानाखार विधायक माननीय श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम शामिल हुए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती फूल बाई कंवर, श्री दिलीप कंवर एवं श्री सत्यनारायण पैकरा तथा ग्राम पंचायत रामाकछार के सरपंच श्री भारत सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही रामाकछार, सपलवा, पहाड़गाँव, बारीउमराव, पटपरा और कपोट पंचायतों के सरपंच भी मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग की शाकाम्भरी योजना के अंतर्गत ग्राम राहा के श्री अगनेश लकड़ा/देवनाथ और श्री रामप्रसाद/फगुन सिंह तथा ग्राम उडान के श्री कलेशराम/मुगुल सिंह को 3 एचपी के पेट्रोल पंप वितरित किए गए। सहकारिता विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब और 02 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र की पर्ची दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया।
शिविर में कुल 1351 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 255 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। इस शिविर में रामाकछार, सपलवा, पहाड़गाँव, बारीउमराव, पटपरा, कपोट और कांजीपानी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
मंचस्थ अतिथियों ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविरों में उपस्थित होकर अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हैं, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। अतिथियों ने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार करें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


