जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने विभिन्न धान उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए शेष तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
जिले में कुल 102 समितियों के अंतर्गत 134 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की जाएगी। कलेक्टर ने अकलतरा स्थित संग्रहण केंद्र में फड़ निर्माण, समतलीकरण, पानी की निकासी एवं ड्रेनेज, धर्मकांटा तथा भंडारित धान के उचित रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने संग्रहण केंद्र में धान के सुरक्षित भंडारण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तिलई, अकलतरा, भिलौनी एवं मेऊ धान उपार्जन केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति प्रभारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, प्राधिकृत अधिकारियों एवं किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केंद्रों में ड्रेनेज, पर्याप्त बारदानों, इंटरनेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर, तिरपाल एवं हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक उपकरण, पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर ने समिति प्रभारियों को किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन जारी करने में किसी प्रकार की बाधा या अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने अवैध धान की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित करने तथा कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सहकारिता, विपणन एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारियों की टीम के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




