जम्मू में पाकिस्तान ने सीज फायर तोड़ा:अरनिया सेक्टर में 7 घंटे तक गोलीबारी की, मोर्टार दागे; एक BSF जवान और महिला घायल

जम्मू के अरनिया और सुचेतगढ़ सेक्टर में पाकिस्तान ने गुरुवार (26 अक्टूबर) को सीज फायर का उल्लंघन किया। इंटरनेशनल बॉर्डर पर रात 8 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें BSF का एक जवान और एक महिला घायल हो गई।

न्यूज एजेंसी PTI को BSF के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत की पांच चौकियों पर फायरिंग की। पाकिस्तान रेंजर्स ने रिहायशी इलाकों में मोर्टार के गोले भी दागे। इससे घरों की दीवारें ढह गईं। दोनों तरफ से सुबह तीन बजे तक फायरिंग होती रही।

गोलीबारी के बीच स्थानीय लोगों को रातभर बंकर में रखा गया। हालांकि, अब फायरिंग रुक गई है। घायलों को जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान की तरफ से सीज फायर उल्लंघन की यह दूसरी घटना है।

इससे पहले 17 अक्टूबर को पाकिस्तानी रेंजर्स ने अरनिया सेक्टर में बिना वजह गोलीबारी की थी। इस घटना में BSF के दो जवान घायल हो गए थे। 25 फरवरी 2021 के बाद से पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में सीज फायर का उल्लंघन कर चुका है।

स्थानीय लोगों को आज सुबह खेतों में दो-तीन मोर्टार शेल मिले।
स्थानीय लोगों को आज सुबह खेतों में दो-तीन मोर्टार शेल मिले।

गोलीबारी से पहले सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा में 5 आतंकी मार गिराए
पाकिस्तान की तरफ से 26 अक्टूबर को गोलीबारी तब की गई, जब दिन में कश्मीर के कुपवाड़ा में LoC के पास सुरक्षाबलों ने लश्कर के पांच आतंकी मार गिराए। सुरक्षाबलों को मौके से 5 AK सीरीज की राइफल के अलावा भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, कश्मीर पुलिस के ADGP विजय कुमार ने बताया- हमें इनपुट मिले थे कि कुछ आतंकी माछिल सेक्टर में भारत की सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। जॉइंट टीम ने 25-26 अक्टूबर की दरमियानी रात LoC के पास सरदारी नार इलाके में ऑपरेशन शुरू किया।

26 अक्टूबर को जॉइंट टीम ने जंगलों में आतंकियों को आते देखा, वो दुर्गम इलाकों का फायदा उठाकर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जवाब में इधर से भी फायरिंग की गई। इसमें लश्कर-ए-तैयबा के 5 आतंकी ढेर हो गए। आतंकी की पहचान की जा रही है, उनके पास से बरामद हथियार जब्त कर लिए गए हैं।

बीते पांच दिनों में कश्मीर में घुसपैठ की यह दूसरी घटना है, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। इससे पहले 22 अक्टूबर को जवानों ने बारामूला के उरी सेक्टर में दो आतंकियों को मार गिराया था। दोनों आतंकी एक बड़े ग्रुप का हिस्सा थे, जो लगातार बारिश और खराब विजिबिलिटी का सहारा लेकर LoC पार करने की कोशिश कर रहे थे।

22 अक्टूबर को सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे।
- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -