लोकसभा में बुधवार को दिए गए राहुल गांधी के भाषण के कुछ हिस्से हटा दिए जाने पर संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, अगर कुछ भी असंसदीय कहा जाता है तो उसे हटा दिया जाता है और यह एक पुरानी प्रथा रही है. ये कोई नई बात नहीं है.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, अधीर रंजन चौधरी को सरकार पर उंगली उठाने से पहले संसदीय कार्यप्रणाली में स्पीकर और संसद टीवी की भूमिका समझनी चाहिए. राहुल गांधी कल अपने भाषण के दौरान कभी परेशान नहीं हुए, लेकिन ‘भारत माता की हत्या’ शब्द ऐसा नहीं है जिसका इस्तेमाल संसद में किया जाना चाहिए.
सदन के पटल पर रणनीति तैयार करने के लिए इंडिया गठबंधन के दलों के फ्लोर लीडर्स ने आज सुबह 10 बजे संसद में राज्यसभा के एलओपी चैंबर में बैठक की.
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, सदन में यदि कोई शब्द असंसदीय है तो उसे हटाने का प्रावधान है. मुझे नहीं लगता कि राहुल गांधी ने कोई असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया है. राहुल गांधी ने कहा कि भारत माता को अपमानित किया जा रहा है. मैंने इस मुद्दे को लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष उठाया है और उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि वह इसपर विचार करेंगे.


