हरियाणा के सोनीपत में पंजाब के गैंगस्टर दीपक मान उर्फ मान जैतो की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मान जैतो पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला था। उसकी लाश गांव के खेत से मिली है। कुछ दिन पहले ही उसने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को ललकारा था। अब कत्ल के बाद गोल्डी बराड़ ने उसके कत्ल की जिम्मेदारी ली है।
जानकारी के मुताबिक, सोनीपत के हरसाना कलां गांव के खेत में एक लाश पड़ी थी। जिस पर कई गोलियों के निशान थे। शाम के समय किसान खेत में गए तो लाश देखी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पहले पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी।
हालांकि बाद में उसके बारे में पता चल गया। इस बारे में पंजाब पुलिस को सूचना दे दी गई है। लाश पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दी गई है।

बंबीहा गैंग के लक्की पटियाल का करीबी
शूटर मनी चस्का बंबीहा गैंग को अर्मीनिया से चला रहे लक्की पटियाल का करीबी था। उसने कुछ साल पहले लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ का चंडीगढ़ में कत्ल किया था। इसके बाद नीरज चस्का पकड़ा गया लेकिन मान जैतो फरार था। जिसके बाद से ही वह लॉरेंस गैंग के टारगेट पर था। मान जैतो पर पंजाब के अलावा चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली में हत्या समेत कई संगीन केस दर्ज थे।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक मान जैतो को पहले किडनैप किया गया। फिर जमकर टॉर्चर किया गया। इसके बाद गोलियां मारी गई।



