कांग्रेस की न्याय यात्रा मणिपुर की राजधानी इम्फाल की जगह अब 34 किलोमीटर दूर थौबुल से शुरू होगी। कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार की शर्तों की वजह से ये बदलाव किया है। राज्य सरकार ने यात्रा में 1 हजार लोगों के शामिल होने की परमिशन दी थी। कांग्रेस ने इन शर्तों की वजह से जगह में बदलाव किया है।
कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा कि हमने 2 जनवरी को जिला प्रशासन से इम्फाल के हप्ता कांगजेइबुंग मैदान से यात्रा शुरू करने की अनुमति मांगी थी। कानून-व्यवस्था का हवाला देकर पहले इससे इनकार कर दिया गया। 10 जनवरी को CM से मुलाकात के बाद कुछ शर्तों के साथ इसकी अनुमति मिली।
मेघचंद्र ने कहा कि राज्य कांग्रेस की एक टीम ने फिर से DGP राजीव सिंह और इंफाल पूर्व के डिप्टी कमिश्नर और SP की मौजूदगी में चीफ सेक्रेटरी विनीत जोशी से मुलाकात की थी। हमें बताया गया कि कार्यक्रम स्थल पर 1,000 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
मेघचंद्र ने कहा- शर्तें हमारे लिए चिंताजनक थीं। 10 जनवरी को देर रात थौबल जिले के डिप्टी कमिश्नर ने खोंगजोम के प्राइवेट ग्राउंड से यात्रा की अनुमति दी। इसके बाद हमने जगह बदलने का फैसला किया। 14 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यहीं से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। रूट में कोई बदलाव नहीं होगा।
उधर, यात्रा से दो दिन पहले 12 जनवरी को राहुल गांधी ने दिल्ली में सिविल सोसायटी ऑर्गनाइजेशन्स और पीपुल्स मूवमेंट्स के लोगों से मिले। राहुल ने मीटिंग के दौरान PM मोदी, भाजपा और RSS के अन्याय से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।