कोरबा, 19 अप्रैल 2026। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर के अंतर्गत श्रद्धा महिला मंडल के मार्गदर्शन में आकृति महिला समिति, सेंट्रल वर्कशॉप-सेंट्रल स्टोर्स कोरबा द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर मुख्य मार्ग, एसबीएस कॉलोनी कोरबा में 19 अप्रैल को ‘प्याऊ’ का उद्घाटन किया गया।
यह पहल श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के कुशल मार्गदर्शन और आकृति महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती नम्रता द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। गर्मी के इस मौसम में राहगीरों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्याऊ से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्याऊ के नियमित संचालन से दादर खूर्द, आरएसएस नगर, खरमोरा, पोड़ीबहार, एमपी नगर और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। यह स्थान व्यस्त मार्ग होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
उद्घाटन के अवसर पर आकृति महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती नम्रता द्विवेदी, सचिव श्रीमती सीमा राव, कोषाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा गुप्ता सहित श्रीमती प्रभाति पटुवा, श्रीमती अंजना पराशर, श्रीमती बबीता सैनी, श्रीमती लक्ष्मी प्रसाद और श्रीमती अर्चना दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।


