जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई 2026। अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय में चल रहे मरम्मत एवं राहत कार्यों का कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने आज पुनः मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलाशय की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, एसडीएम अकलतरा श्री सुमित बघेल, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमों को जलाशय के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य लगातार जारी रखा जाए। विभाग की तकनीकी टीमें स्थल पर लगातार मौजूद रहकर आवश्यक कार्य कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को राहत शिविरों सहित प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मेडिकल टीमों की सतत तैनाती बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक ने कोटमीसोनार राहत शिविर का भी निरीक्षण कर वहां ठहरे लोगों से चर्चा की और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हुए हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



