कोरबा। जिले में सोमवार की दरम्यानी रात अज्ञात युवकों ने शहर से लेकर एनटीपीसी के आगे बलगी मोड़ तक जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों की इस सनसनीखेज वारदात में एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक युवा पत्रकार पर जानलेवा हमला किया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले ASI के बेटे को वाहन से कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाशों ने एक युवा पत्रकार को निशाना बनाया। पत्रकार पर पिस्टलनुमा हथियार तानकर फायरिंग की गई, हालांकि गोली हवा में चलने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपियों ने पत्रकार की बेरहमी से पिटाई की और उसे अधमरा हालत में छोड़ दिया। हमलावर उसे मृत समझकर उसका सामान लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं पत्रकारों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल घायल युवक और पत्रकार का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।


