कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक पति ने अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी पति ने न केवल अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया, बल्कि वह कटे हुए सिर को हाथ में लेकर गांव की सड़कों पर घूमता रहा। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव और उसकी पत्नी छेक बाई के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति आपा खो बैठा। आरोप है कि सालिक राम ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी छेक बाई की गर्दन काटकर उसे धड़ से अलग कर दिया।
घटना के बाद का दृश्य बेहद भयानक था। आरोपी पति कटे हुए सिर को लेकर बेखौफ गांव में घूमता रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस पहुंची मौके पर
वारदात की जानकारी मिलते ही रजगामार थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सालिक राम यादव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।


