कोरबा, 27 सितंबर 2026/ किसी घर में बच्चों के बड़े हो जाने पर सहेजकर रखे गए खिलौने अब दूसरे बच्चों के बचपन का हिस्सा बनेंगे। कुछ लोग अपने घर से उपयोग योग्य खिलौने दे रहे हैं, तो कुछ नन्हे बच्चों के लिए नए खिलौने खरीदकर दान कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में चल रही खिलौना दान की पहल को समाज की इसी संवेदनशीलता और सहभागिता से बल मिल रहा है।
जिले में 23 सितंबर को रवाना किया गया खिलौना दान रथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुँच रहा है। रथ शुरू होने के बाद से नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और दानदाताओं ने उत्साहपूर्वक खिलौने दिए हैं। कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने भी खिलौना दान कर अभियान में सहभागिता की। अब तक बड़ी संख्या में खिलौने प्राप्त हो चुके हैं और दान का क्रम निरंतर जारी है।
जिले के 2,602 आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को खेल-खेल में सीखने, अपनी कल्पनाशक्ति बढ़ाने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अधिक अवसर मिलें, इसी उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त खिलौनों को व्यवस्थित रूप से संकलित एवं वर्गीकृत किया जाएगा। इसके बाद उन्हें उन आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुँचाया जाएगा, जहाँ खिलौनों की आवश्यकता है। पहाड़ी कोरवा बसाहटों और जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्थित केंद्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से खिलौना दान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बच्चों के बड़े हो जाने के बाद घर में रखे खिलौने किसी दूसरे बच्चे के लिए खेल, खुशी और सीखने का माध्यम बन सकते हैं। नागरिक साफ-सुथरे, सुरक्षित एवं उपयोग योग्य खिलौनों के साथ बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकें भी दान कर सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री बसन्त मिंज ने बताया कि यह अभियान आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। खिलौना दान करने अथवा खिलौना संग्रह रथ को अपने घर बुलाने के लिए मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क किया जा सकता है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




