बस्तर : नारायणपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सुरक्षाबल के जवानों ने अबूझमाड़ के जंगल में आज सुबह मुठभेड़ में 20 नक्सलियों को मार गिराया है। जवानों ने सभी के शव और हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबल के जवानों की माओवादियों से दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिले की सीमावर्ती क्षेत्र में मुठभेड़ चल रही है। मारे गए नक्सलियों में बड़े कैडर के भी नक्सली शामिल हैं। वहीं इस मुठभेड़ में एक जवान के शहीद होने की भी खबर सामने आ रही है।
गौरतलब है कि नक्सलियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान में जवानों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पिछले एक पखवाड़े में जवानों ने 50 से अधिक माओवादियों को जवानों ने मार गिराया है। आज बुधवार को एक बार फिर जवानों को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि पुलिस को अबूझमाड़ के बोटेर में नक्सलियों का पोलित ब्यूरो सदस्य और नक्सल संगठन का महासचिव बसवा राजू मौजूद होने की जानकारी मिली थी।
उस पर डेढ़ करोड़ का इनाम घोषित है। इस पुख्ता इनपुट के बाद सुरक्षाबल के जवान अबूझमाड़ के जंगल में नक्सलियों की घेराबंदी करने के लिए रवाना हुए थ। सुबह के वक्त जवानों को देखने के बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए 20 नक्सलियों को मार गिराया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मारे गये नक्सलियों के शव और हथियार जवानों ने बरामद कर लिये है। जवान अभी भी क्षेत्र में सर्चिंग कर रहे है। इस मुठभेड़ में नक्सल संगठन का महासचिव बसवा राजू को जवानों ने मार गिराया है या नही अभी इसकी पुष्टि नही हो सकी है। लेकिन बताया जा रहा है कि जवानों की इस कार्रवाई में मारे गये नक्सलियों में बड़े कैडर भी शामिल है।