कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब के नशे में बाइक चलाने वाले बेटे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान उसे बचाने थाने पहुंची मां ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मियों को धमकाया, गाली-गलौज की और प्रशिक्षु थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ दिया। घटना में थाना प्रभारी के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और एट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके बेटे के खिलाफ भी शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की गई है।
परसाभांठा बाजार चौक के पास हुई घटना
मामला बालकोनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे गीता महंत, दुर्गा सिंह, पुष्पा पात्रे और ममता बाई पनिका थाने पहुंचीं। उनके साथ सेक्टर-5 बालको निवासी अजय यादव भी अपनी मोटरसाइकिल से आया था।
गीता महंत ने पुलिस को बताया कि रात करीब 7:20 बजे परसाभांठा बाजार चौक के पास अजय यादव अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BE 5946 को शराब के नशे में चलाते हुए उनके बेहद करीब से निकला। इस दौरान मोटरसाइकिल उनकी चुनरी से छू गई और उनके पैर पर चढ़ते-चढ़ते बची।
महिला के मुताबिक, जब उन्होंने अजय यादव को मोटरसाइकिल देखकर चलाने की सलाह दी, तो उसने उनके साथ विवाद किया और अभद्र व्यवहार करने लगा। इसके बाद महिलाएं मामले की शिकायत लेकर बालकोनगर थाने पहुंचीं।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 169 mg/100 ml शराब की मात्रा
शिकायत के बाद पुलिस ने अजय यादव की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई। पुलिस के अनुसार, जांच में शराब की मात्रा 169 mg/100 ml पाई गई। इसके बाद शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने के आरोप में उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
बेटे को थाने से ले जाने लगी मां
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अजय यादव की मां रानी यादव थाने पहुंच गई। उसने बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने पर आपत्ति जताई और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से कहा कि उसका बेटा किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं करेगा और वह उसे अपने साथ लेकर जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया कि आवश्यक लिखा-पढ़ी पूरी होने के बाद ही बेटे को ले जाने दिया जाएगा। आरोप है कि इस पर रानी यादव ने पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए थाने में हंगामा करने लगी। इससे थाने के कर्मचारियों और वहां अपने काम से आए लोगों को परेशानी हुई।
प्रशिक्षु थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ने का आरोप
प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई ईश्वरी राज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने पर रानी यादव ने उनके साथ गाली-गलौज की और अचानक उनका दाहिना हाथ पकड़कर मरोड़ दिया। इससे उनके अंगूठे में चोट आई और कलाई पर नाखून के निशान बने।
महिला पर थाने के अन्य कर्मचारियों से विवाद करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। घटना के दौरान शिकायत लेकर पहुंची गीता महंत और उनके साथ आई अन्य महिलाएं वहां से वापस चली गईं।
BNS और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीएसआई ईश्वरी राज की रिपोर्ट पर बालकोनगर पुलिस ने रानी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121, 132, 221 और 296 के साथ एट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वहीं, अजय यादव के खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।




