जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं संभावित आपदा की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को पूरी सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी मुख्यालय में उपस्थित रहें, पूरी तरह सक्रिय एवं प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें तथा किसी भी शिकायत अथवा आपदा संबंधी सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी अनुविभागीय स्तर की टीमों को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने बारिश से हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं फील्ड विजिट कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबी 6-4 के अंतर्गत प्रकरणों, फसल हानि, मकान क्षति एवं पशुहानि की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल एवं पुलियों की जानकारी लेकर संबंधित विभागों को शीघ्र मरम्मत के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा जहां भी राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, वहां राशन, पेयजल, भोजन, स्वच्छता, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं ताकि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्थानीय निकायों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में वर्षा का पानी भर गया है, वहां किसी भी स्थिति में संचालन न किया जाए। ऐसे स्थानों से पानी तत्काल निकाला जाए तथा संबंधित ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अध्ययन प्रभावित होने की स्थिति में अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर बच्चों का पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण कराया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूल अथवा आंगनबाड़ी का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों में सीपेज अथवा निर्माण संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शहरों में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा अन्य शिकायतों पर त्वरित रिस्पॉन्स देने तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को भी मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए पूरी तैयारी रखने, आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने तथा प्रतिदिन अनिवार्य रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए श्रमिकों का ई-केवाईसी अभियान चलाकर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में वृक्षारोपण अभियान, एक पेड़ मां के नाम अभियान, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा एचपीव्ही वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



