इजरायल- हमास के बीच भड़के संघर्ष के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में बने इजरायली दूतावास और चाबड़ हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है. सुरक्षा से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक नई दिल्ली में इजराइली दूतावास और मध्य दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चाबड़ हाउस के आसपास तैनात स्थानीय पुलिस को कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. फलस्तीनी आतंकी समूह की ओर से इजरायल पर अचानक किए गए हमले में सैकड़ों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों ही घायल हुए हैं. वहीं, इजराइल की भीषण जवाबी कार्रवाई में भी गाजा पट्टी क्षेत्र में सैकड़ों फलस्तीनी मारे गए हैं और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं.
इजरायल के खिलाफ अभियान जारी- फिलीस्तीन
आतंकी संगठन हमास की ओर से इजरायल के सैकड़ों नागरिकों की बर्बर हत्या के बावजूद फिलीस्तीन की सरकार हमास के साथ खुलकर खड़ी है. भारत में तैनात फिलिस्तीन के राजदूत अदनान अबू अल-हैजा ने इस हमले में हमास की भूमिका की निंदा करने से इनकार कर दिया. साथ ही कहा कि जब तक पूर्वी यरुशलम को राजधानी बनाकर फ़िलिस्तीनी राज्य की स्थापना नहीं की जाती, तब तक उनका संघर्ष हमेशा जारी रहेगा. अदनान अबू अल-हैजा ने हमास के हमलों के पीछे “ईरान का हाथ” होने के इजरायल के दावों का भी खंडन किया.


