जांजगीर-चांपा 21 मई 2025/ प्री बीएड एवं प्री डीएलएड परीक्षा के समन्वय केंद्र शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर में परीक्षा में संलग्न समस्त केंद्राध्यक्षों, जिला प्रशासन तथा समन्वय केंद्र द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. आर. लहरें द्वारा इस परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन हेतु व्यापम के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को सूक्ष्मता से उल्लेखित करते हुए तथा समस्त केंद्रों में इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया। समस्त केंद्रों में परीक्षार्थियों हेतु बैठक व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश तथा पेय जल की व्यवस्था एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने भी निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों को मूल पहचान पत्र द्वारा जांच के पश्चात ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश तथा समस्त कक्षों में वीडियोग्राफी कराने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए गए।
परीक्षार्थियों को सूचित हो कि वे परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली में 10 बजे तथा द्वितीय पाली में 2 बजे तक ही प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे, इसके पश्चात प्रवेश वर्जित है। साथ ही उन्हें अपना मूल पहचान पत्र आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य परिचय पत्र की मूल प्रति लाना आवश्यक है, इसके अभाव में परीक्षार्थी प्रवेश प्राप्त नहीं कर सकेंगे। प्रशिक्षण में सहायक समन्वयक डॉ. एस.के. मधुकर, डॉ. पी के सिंह, डॉ. एम आर बंजारे, डॉ. आर जी खूंटे, प्रो. नरेश कुमार आजाद, सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे। ज्ञात हो कि विभिन्न शासकीय तथा गैर शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में बीएड तथा डीएलएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु यह परीक्षा व्यापम द्वारा 22 मई 2025 को दो पालियों में प्रथम पाली में 24 तथा द्वितीय पाली में 35 परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा आयोजित होनी है। जिसमें प्री बीएड में 7786 तथा प्री डीएलएड में 12237 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


