मुंगेली जिले के लोरमी में भगवा झंडे के अपमान को लेकर हिंदू संगठन के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना से नाराज लोगों ने डिंडौरी पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि सड़क पर रस्सी से बांधे गए भगवा झंडों को फाड़ने की करतूत CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने डीजे पर चढ़कर डिंडौरी गांव में लगे भगवा झंडों की रस्सी तोड़ दी, जिसका स्थानीय लोगों ने रात में ही विरोध किया। शनिवार सुबह घटनाक्रम का CCTV फुटेज सामने आने के बाद माहौल गर्मा गया। मामला बढ़ने पर 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने हल्का बल प्रयोग किया
नाराज भाजपाइयों और हिंदू समाज के लोगों ने डिंडौरी चौकी का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारी लोमेश यादव ने कहा कि डीजे लोड पिकअप में 7-8 लोग सवार थे, जो सड़क पर लगे भगवा झंडों को तोड़ रहे थे। ये सब चौक में लगे CCTV कैमरे में कैद है। पुलिस से कार्रवाई की मांग के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।
5 घंटे तक प्रदर्शनकारी चौकी के सामने डटे रहे
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और चौकी के बाहर धरना दे रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। करीब 5 घंटे तक प्रदर्शनकारी चौकी के सामने डटे रहे। SDOP और लोरमी SDM प्रवीण तिवारी ने किसी तरह लोगों को समझाइश दी।
