उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को रायपुर में कृषि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्रों से कहा कि, विकसित भारत बनाने में आपकी भूमिका एक सैनिक की तरह है। इस दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी की ओर से तैयार किए गए संजीवनी धान के प्रोडक्ट भी लॉन्च किए।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का यह 38वां स्थापना दिवस कार्यक्रम था। यहां जगदीप धनखड़ के साथ मुख्यमंत्री साय भी शामिल हुए। धनखड़ ने कहा कि, विकसित भारत 2047 हमारा सपना नहीं बल्कि लक्ष्य है। और हम इस लक्ष्य की ओर तेजी से जा रहे हैं। हम हर क्षेत्र में वर्ल्ड लीडर हैं।

टेक्नोलॉजी का करें इस्तेमाल
धनखड़ ने आगे कहा कि सबसे अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन हमारे भारत में होते हैं। भारतीयता हमारी पहचान है और इस पर हमें गर्व है। कभी असफल होने के डर से किसी चीज को आगे नहीं बढ़ाएंगे तो आपका नुकसान कम और देश का नुकसान ज्यादा है। कृषि में जितने स्टार्टअप की संभावना है। उसका इस्तेमाल करें। सभी बड़े बड़े उद्योग ऐसा ही कर रहे हैं।
उन्होंने छात्रों से कहा कि, आप किसानों को कृषि उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और कृषि उत्पादों में वेल्यू एडिशन के लिए प्रोत्साहित करें। हमारे किसान भी खेती किसानी में ड्रोन टेक्नालॉजी का उपयोग करें। इसके लिए भी उन्हें प्रोत्साहित किया जाए।
