कोरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में लगातार बारिश के चलते जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 17 अगस्त की सुबह बांध का जलस्तर 358.70 मीटर पहुंच गया है, जो करीब 94.24 प्रतिशत है। पिछले 10 घंटे में जलस्तर में करीब 7 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बांध में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए वर्तमान में 9 गेट खोलकर करीब 41,000 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। यह डिस्चार्ज 16 अगस्त की सुबह 8:45 बजे से लगातार जारी है।
करीब 8,828 क्यूसेक और बढ़ेगा डिस्चार्ज
मिनीमाता बांगो जलाशय में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। इसी को देखते हुए सुबह करीब 10 बजे बांध के गेट से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार मौजूदा डिस्चार्ज में करीब 8,828 क्यूसेक पानी और बढ़ाया जाएगा। इसके बाद बांध से कुल 49,828 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की तैयारी है।
रात से हो रही तेज बारिश
बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 9 बजे से लगभग दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद सुबह भी करीब 45 मिनट तक तेज बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ रही है।
94 प्रतिशत से ज्यादा भरा बांगो बांध
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध का जलस्तर फिलहाल 358.70 मीटर दर्ज किया गया है। जलाशय अपनी कुल क्षमता का करीब 94.24 प्रतिशत भर चुका है। पिछले कुछ घंटों से जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण बांध प्रबंधन द्वारा पानी की निकासी बढ़ाई जा रही है।
निचले इलाकों के लिए अलर्ट
बांध से पानी की निकासी बढ़ाए जाने के बाद हसदेव नदी और आसपास के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से अपील की गई है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं तथा बच्चों और मवेशियों को भी नदी किनारे जाने से रोकें।




