नई दिल्ली. लॉर्ड्स का ऐतिहासिक मैदान, जहां 19 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मैच खेला जाना है. सीरीज का अंतिम मैच रोहित शर्मा के वनडे करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है. चयन समिति ने पिछले हफ्ते मुख्य कोच गौतम गंभीर की मौजूदगी में रोहित शर्मा से बातचीत की और भविष्य के रोडमैप को उनके सामने रखा. समिति अब 2027 में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम तैयार करना चाहती है. इसके तहत यशस्वी जायसवाल जैसे युवाओं को भरपूर मौके देने की योजना है, जो लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि 2027 विश्व कप की योजनाओं में रोहित शर्मा शामिल नहीं हैं.
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को स्पष्ट कर दिया है कि इस सीरीज के बाद वे उनसे आगे का विचार कर रहे हैं. बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ‘चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को साफ तौर पर बता दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वे उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं और इस सीरीज के बाद टीम आगे बढ़ने जा रही है. हालांकि, रोहित खुद को पूरी तरह फिट करने के बाद खेलना जारी रखना चाहते थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने अंतिम फैसला उन्हीं के पाले में छोड़ दिया है कि वे अपने भविष्य की घोषणा कैसे करना चाहते हैं. समझा जाता है कि रोहित शर्मा ने इस मामले को लेकर इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही बीसीसीआई के कुछ आला अधिकारियों से भी बातचीत की थी और वे इस फैसले से बिल्कुल खुश नहीं थे.



