कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा महिला मंडल, SECL मुख्यालय बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में आकृति महिला समिति, सेंट्रल वर्कशॉप–सेंट्रल स्टोर्स कोरबा द्वारा विभिन्न शॉपों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आकृति महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती नम्रता द्विवेदी एवं उनकी टीम ने सेंट्रल वर्कशॉप, कोरबा के अंतर्गत संचालित विभिन्न शॉपों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिला कर्मचारियों से रूबरू होकर उनके कार्यों की सराहना की और उनकी मेहनत तथा समर्पण की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान दक्ष, कुशल और कर्मठ लगभग 12 महिला कर्मचारियों को कंपनी के प्रति निष्ठा और उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में श्रीमती कुवंती तिग्गा, कुशी बाई, मोगरा बाई, फूल बाई, रामेश्वरी, ब्रिजकुंवर, लीली मंजूषा एक्का, प्रीति निले, नान बाई, कमला देवी, नीलम साधना और हेमा देवी शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में आकृति महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती नम्रता द्विवेदी ने श्रद्धा महिला मंडल, SECL मुख्यालय बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में ही इस प्रकार के सामाजिक और प्रेरणादायी कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है और भविष्य में भी समिति द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा।
इस अवसर पर आकृति महिला समिति, सेंट्रल वर्कशॉप–सेंट्रल स्टोर्स कोरबा की सदस्य श्रीमती सीमा राव, श्रीमती श्रद्धा गुप्ता, श्रीमती प्रभाती पटुवा, श्रीमती लक्ष्मी प्रसाद एवं सुश्री सपना एक्का सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।


