रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बड़ा फेरबदल किया है। आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों के जिलों का पुनर्वितरण किया गया है। इसका मुख्य कारण हाल ही में बने नए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपना बताया जा रहा है। शासन के आदेश के अनुसार 6 मंत्रियों को नए जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
नए आदेश के मुताबिक उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अब दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री होंगे। यह जिम्मेदारी औद्योगिक और आदिवासी अंचल को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक रूप से दी गई है।
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को बलौदा बाजार-भाटापारा, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को बलरामपुर-रामानुजगंज, और मंत्री गजेंद्र यादव को राजनंदगांव जिले का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा नए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को सक्ति और मंत्री राजेश अग्रवाल को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फेरबदल सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को देखते हुए राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। सरकार ने मंत्रियों को ऐसे जिलों का प्रभार दिया है जहां उनका प्रभाव बढ़े और जनता से सीधा जुड़ाव मजबूत हो सके।



