सक्ति। थाना सक्ती पुलिस ने रात्रि में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले के अनुसार प्रार्थी पुरूषोत्तम बरेठ निवासी झुलकदम ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 14 मई 2025 की रात 11 बजे वह बस स्टैण्ड गुटखा खाने गया था। इस दौरान उसके पुराने दोस्त अरूण श्रीवास, मनोज श्रीवास और रोशन सिंह प्रधान उससे विवाद करने लगे। इसके बाद 15 मई की रात लगभग 12:30 बजे तीनों आरोपी प्रार्थी के घर की दीवार फांदकर आंगन में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान प्रार्थी की मां राम बाई बरेठ, पिता कोमल कुमार बरेठ एवं भाई भरत लाल बरेठ बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
इस घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/2025 धारा 332(सी), 296, 351(3), 115(2), 331(6), 331(7), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार थे। लगातार खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं –
-
अरूण श्रीवास पिता किशन श्रीवास उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16 झुलकदम थाना सक्ती।
-
मनोज कुमार श्रीवास पिता पंचराम श्रीवास उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16 झुलकदम थाना सक्ती।
-
रोशन सिंह प्रधान पिता प्रेम सिंह प्रधान उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15 राठौर कॉलोनी सक्ती।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



