स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में आगामी 15 और 16 सितंबर, 2025 को नागपुर के श्री अग्रसेन भवन, रविनगर में ‘व्यापारी जुटान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रिटेल व्यापार पर ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते प्रभाव को रोकना और ग्राहकों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह जानकारी व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान, नई दिल्ली के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के चेयरमैन अशोक मोदी ने दी।
मोदी जी ने बताया कि विदेशी ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते बाजार के कारण छोटे और मध्यम वर्गीय खुदरा व्यापारी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। पारंपरिक व्यापार को बचाने, रोजगार के अवसर बनाए रखने और भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों का एकजुट होना बहुत ज़रूरी है।
उन्होंने कहा, “इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए नागपुर में हो रही इस राष्ट्रीय बैठक में देशभर के विभिन्न व्यापारी संगठनों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस आंदोलन को गति प्रदान कर सकें।”
इस अवसर पर व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन श्री सुनील सिंघवी जी
मार्गदर्शन देंगे तथा व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक गोयल, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक अग्रवाल, महामंत्री श्री राजीव मित्तल और कोषाध्यक्ष श्री दिनेशचंद गुप्ता सहित देश भर के गणमान्य लोग अपनी गरिमामय उपस्थिति देंगे और उपस्थित व्यापारियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
व्यापारियों से एकजुट होने का आह्वान
अशोक मोदी ने छत्तीसगढ़ के सभी व्यापारी संगठनों से इस राष्ट्रीय महत्व के आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान लंबे समय से व्यापारियों के हितों की रक्षा कर रहा है और यह ‘व्यापारी जुटान’ व्यापारियों की एकजुटता को नई दिशा देगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते संगठित प्रयास नहीं किए गए, तो विदेशी ऑनलाइन कंपनियाँ भारतीय खुदरा व्यापार को पूरी तरह प्रभावित कर सकती हैं। यह सिर्फ व्यापारियों के लिए नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए भी एक बड़ी चुनौती है।
अंत में, मोदी जी ने सभी व्यापारियों से मिलकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, ग्राहकों में जागरूकता बढ़ाने और भारतीय उद्योग-धंधों को सशक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ से प्रदेशाध्यक्ष सुधीर कुमार बंसल (दुर्ग), उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कोठारी (डोंगरगढ़), महिला प्रदेशाध्यक्ष सुषमा कोठारी (डोंगरगढ़) और नागपुर से प्रभारी आशीष केडिया व सह-प्रभारी चंद्रभान अग्रवाल भी शामिल होंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


