बिलासपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवक द्वारा सरकारी दफ्तर में किया गया अनोखा विरोध प्रदर्शन अब प्रशासनिक कार्रवाई का कारण बन गया है। हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में फ्लैट के नामांतरण (नाम ट्रांसफर) की फाइल एक साल से लटकाए रखने से परेशान युवक द्वारा अधिकारियों को ‘बादाम’ भेंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जिम्मेदार अधिकारियों को मुख्यालय अटैच कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
तिफरा स्थित गृह निर्माण मंडल (हाउसिंग बोर्ड) के कार्यालय में एक युवक की फ्लैट नामांतरण की फाइल पिछले एक साल से अटकी हुई थी। युवक का आरोप है कि उसने कई बार दफ्तर के चक्कर लगाए, लेकिन अधिकारी हर बार यही जवाब देते रहे कि फाइल नहीं मिल रही है। अपनी परेशानी और सिस्टम की सुस्ती से तंग आकर युवक ने विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। वह 500 ग्राम बादाम लेकर दफ्तर पहुंचा और अधिकारियों की टेबल पर बादाम रखते हुए तंज कसा कि, “इसे खाइए, शायद इससे आपकी याददाश्त तेज हो जाए और मेरी फाइल मिल जाए।”
प्रशासनिक कार्रवाई: दो अधिकारी मुख्यालय अटैच
युवक द्वारा बादाम देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह निर्माण मंडल ने इसे तत्काल संज्ञान में लिया। विभाग ने लापरवाही को गंभीर मानते हुए संपदा अधिकारी-कार्यपालन अभियंता एलपी बंजारे और संपदा प्रबंधक पूनम बंजारे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय, नवा रायपुर अटैच कर दिया है। विभाग के आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के काम में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला अफसर का पक्ष: “बिना सुनवाई का मौका दिए हुई कार्रवाई”
इस कार्रवाई के बाद हाउसिंग बोर्ड की अधिकारी पूनम बंजारे ने नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि इस मामले में उन्हें अपनी बात रखने या सुनवाई का कोई मौका नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बिना पक्ष सुने ही मुख्यालय अटैच कर दिया गया, जो उचित नहीं है। इसके साथ ही, महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने उस युवक के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत की है, जिस पर उन्होंने अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।


