कोरबा। शहर के स्वर्ण विहार परिसर में इन दिनों भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। राजाधिराज अवंतिका नरेश बाबा महाकाल के प्रतीकात्मक दिव्य स्वरूप के आगमन से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
यह धार्मिक आयोजन स्वर्ण विहार स्थित 100 बेड अस्पताल के सामने आयोजित किया जा रहा है। पूरा परिसर “हर हर महादेव” और “जय बाबा महाकाल” के जयकारों से गूंज उठा। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन और पूजन कर रहे हैं।
इस दिव्य आयोजन में बाबा महाकाल के चरणसेवक पूज्य कलानिधि चंचल अभ्युदय सतीश सक्सेना जी महाराज भी उपस्थित हैं। महाराज श्री द्वारा बाबा महाकाल की महिमा का गुणगान और भक्तों को आध्यात्मिक संदेश दिए जा रहे हैं।
कोरबा सहित आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं। भक्त फूल-माला, बेलपत्र और जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।


