बीजेपी के केन्द्रीय नेतृत्व का पूरा फोकस इस समय छत्तीसगढ़ पर है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे। वे कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। सरायपाली में शाह की सभा भी होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बैठक के बाद बीजेपी की दूसरी लिस्ट भी जल्द ही जारी हो जाएगी।
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह आज शाम 6:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। शाम 7 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश के नेताओं की बैठक लेंगे।
अगले दिन 2 सितंबर को वे सुबह 11 बजे राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेंगे।
आरोप पत्र जारी करने के बाद शाह हेलीकॉप्टर से सराईपाली में आयोजित जनजातीय सम्मेलन में अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस दौरे के मायने समझिए: 70 दिन में चौथा दौरा
छत्तीसगढ़ के चुनाव को सिर्फ कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। बीजेपी ने पहली लिस्ट में 21 लोगों के नाम तय कर दिए हैं। शाह जब भी आते हैं, पूरा होमवर्क करके आते हैं। वे जितनी भी बार आए, उसके एक दो दिन में बड़े फैसले सामने आए हैं।
भाजपा ने आरोप पत्र समिति का अध्यक्ष अजय चंद्राकर को बनाया था। अजय चंद्राकर ने आरोप पत्र का काम काफी पहले कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस आरोप पत्र पर अमित शाह की टीम ने भी काम किया है। और इसे ही जारी किया जाएगा। शाह ने इससे 22 जून को दुर्ग में एक बड़ी आम सभा को संबोधित किया था। इसके 12 दिन बाद 5 जुलाई और 22 जुलाई को वे रायपुर आए थे। अब करीब 40 दिन बाद शाह फिर आ रहे हैं।
बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी व चुनाव प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मंडााविया, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी और विजय शर्मा समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
जानिए शाह का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- आज शाम 6 बजकर 40 मिनट पर अमित शाह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- एयरपोर्ट से शाह बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर शाम 7 बजे पहुचेंगे।
- रात्रि भोजन के बाद रात 8 बजे से कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
- 2 सितंबर को अमित शाह सुबह 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के लिए रवाना होंगे।
- सुबह 11 बजे दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेंगे।
- 12:00 बजे दीनदयाल ऑडिटोरियम से प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना होंगे।
- दोपहर को भोजन करने के बाद बीजेपी प्रदेश कार्यालय से एयरपोर्ट रवाना होंगे।
- दोपहर 2.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से महासमुंद जिले के सरायपाली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- दोपहर 3.15 से 4.30 तक जनजातीय सम्मेलन और अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- शाम 5:00 सरायपाली से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- शाम 6:00 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।