सुप्रीम कोर्ट ने कानूनी पेशे में सरल भाषा के इस्तेमाल की बात कही है, ताकि आम आदमी को इसे समझने में आसानी हो। रविवार 24 सितंबर को शीर्ष कोर्ट ने ये भी कहा कि कानून के आसान भाषा में होने से लोग भी सोच-समझकर फैसला लेंगे और किसी भी तरह के उल्लंघन से बच पाएंगे। कानून हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा होते हैं, ये हमें कंट्रोल करते हैं। इसलिए इनकी भाषा आसान होनी चाहिए।
जस्टिस संजीव खन्ना ने इंटरनेशनल लॉयर कॉन्फ्रेंस में स्पीच के दौरान यह कमेंट किया। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। जस्टिस खन्ना ने ये भी कहा कि यह बात हमारी बहस और फैसलों पर भी लागू होती है। क्या लॉ एक पहेली है, जिसे सॉल्व करने की जरूरत है। कानून विवादों को सुलझाने के लिए हैं, ना कि खुद विवादित बनने के लिए। कानून देश के नागरिकों के लिए रहस्य नहीं होना चाहिए।
मनमानी फीस वसूली न्याय के रास्ते में बाधा- जस्टिस खन्ना
जस्टिस संजीव खन्ना ने कहा कि मुकदमेबाजी और कानूनी पेशे का बिजनेस चिंता का विषय है। मुकदमे की बढ़ती लागत और वकीलों की मनमानी फीस की वजह से कई लोगों को न्याय नहीं मिलता। यह इंसाफ के रास्ते में बड़ी बाधा है। हमें सुनिश्चित करना होगा कि न्याय सभी के लिए सुलभ रहे। इस पेशे से जुड़े लोग आत्मनिरीक्षण करें।