कोरबा स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोरबा द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून रविवार को भव्य सामूहिक योग साधना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अशोक वाटिका, टी.पी. नगर, कोरबा में प्रातः 6 बजे से 7:45 बजे तक संपन्न होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, तनावमुक्त और सकारात्मक बनाने की एक प्राचीन भारतीय जीवनशैली है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा इस विशेष आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के आयोजन में रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, राज्य शाखा जिला प्रतिनिधि योगेश जैन, सदस्य कमलेश यादव एवं मुकेश गोयल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग दिवस को सफल बनाने अपील की है।
रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वास्थ्य संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोरबा ने सभी कोरबावासियों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा है कि आइए, योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



