श्री सप्तदेव मंदिर कोरबा में दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजा, दीपावली मिलन एवं मॉ श्री राणीसती दादी का मंगलपाठ बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दोपहर 12.00 बजे मंदिर परिसर में भगवान श्री गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात दोपहर 2.00 बजे से अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री सप्तदेव मंदिर में प्रत्येक माह की अमावस्या के पावन अवसर पर माँ श्री राणी सती दादी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ आयोजित किया जाता है, इसी तारतम्य में इस दिन कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस्या के अवसर पर मंदिर परिसर में दोपहर 3.00 बजे से सायं 5..00 बजे तक माँ श्री राणी सती दादी का भव्य मंगलपाठ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंगलपाठी बहनें अपनी पारंपरिक परिधान, नथ, चूड़ा एवं चुनरी धारण कर मंदिर परिसर में उपस्थित हुईं। सभी बहनों ने पूर्ण श्रद्धा, भक्ति एवं अनुशासन के साथ एक स्वर और एक लय में अत्यंत भावपूर्ण एवं मधुर संगीतमय मंगलपाठ किया।
मंगलपाठ के समापन पर माँ श्री राणी सती दादी की आरती की गई, तत्पश्चात उपस्थित मंगलपाठी बहनों एवं श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा, अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। सभी ने आपसी प्रेम, सौहार्द एवं आत्मीयता के साथ दीपावली मिलन समारोह मनाया।
इस अवसर पर मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी जी ने उपस्थित सभी मंगलपाठी बहनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर में आयोजित ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, सद्भाव एवं पारस्परिक आत्मीयता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उन्होंने मंदिर में होने वाली आगामी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




