थाना चांपा क्षेत्र में आईपीएल मैच में सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को चांपा पुलिस ने रंगे हाथ पकड़कर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और 2000 रुपये नगद बरामद किए हैं।
विवरण थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चांपा क्षेत्र में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच हो रहे मैच में एक व्यक्ति हार-जीत पर रुपये लगाकर सट्टा चला रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम गवाहों के साथ बेलदार पारा चांपा पहुंची। रोड किनारे बैठा युवक मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खा रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम मितेश देवांगन उम्र 24 वर्ष निवासी बेलदार पारा थाना चांपा बताया।
पुलिस द्वारा मौके पर उसका मोबाइल चेक करने पर उसमें सट्टा लगाने वाली एप्लीकेशन मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी हैदराबाद- राजस्थान मैच में हार-जीत पर रुपये का दाव लगा रहा था।
आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 268/26 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उनि सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर और थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा और जुआ पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


