कोरबा, 29 जून 2026/ श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
श्रम अधिकारी नीतीश विश्वकर्मा ने बताया कि योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध पंजीयन हो। योजना के तहत वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा बेहतर शैक्षणिक एवं प्रतिस्पर्धी वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर मिलेगा।
योजना के लिए आवेदन श्रमेव जयते ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर अथवा श्रम पदाधिकारी कार्यालय, कोरबा में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ श्रमिक पंजीयन कार्ड एवं आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य है। श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



