कोरबा 10 जून 2026/
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति उतरदा द्वारा किसानों को खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है। समिति प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि समिति में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है तथा किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप नियमानुसार नियमित रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
समिति के अनुसार खरीफ सत्र 2026-27 के लिए शासन की मंशानुरूप मानसून से पहले ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप खाद का भंडारण और वितरण कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में समिति के पास कुल 2800 बोरी उर्वरक का भंडारण किया गया, जिसमें यूरिया 1400 बोरी, सुपर फॉस्फेट 700 बोरी, पोटाश 200 बोरी एवं डीएपी 500 बोरी शामिल हैं। इनमें से अब तक 2290 बोरी खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है। जिसमें 925 बोरी यूरिया, 700 बोरी सुपर फॉस्फेट, 162 बोरी पोटाश तथा 500 बोरी डीएपी का वितरण किसानों के बीच किया गया है।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि खाद वितरण कार्य पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। मौके पर उपस्थित किसानों ने भी समिति की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खाद का वितरण क्रमबद्ध तरीके से किया जा रहा है और पात्र किसानों को नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
समिति प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा खाद प्राप्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समिति से संपर्क करें। समिति ने भरोसा दिलाया है कि सभी पात्र किसानों को बिना किसी भेदभाव के समय पर खाद वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


