इस दौरान थाना पामगढ़, जांजगीर, मुलमुला, बिर्रा, सारागांव, नवागढ़, चांपा, बलौदा, बम्हनीडीह, बलौदा तथा यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने सहित साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया।
नशा सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह सामुदायिक पुलिसिंग अभियान आमजन एवं विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर जारी रहेगा।




