एक माह बाद अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, 03 आरोपी गिरफ्तार
थाना बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” के तहत हत्या की इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने उधारी के पैसों को लेकर लगातार हो रहे विवाद, मृतक आयुष कश्यप के बढ़ते प्रभाव, आर्थिक प्रगति एवं व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा से उत्पन्न जलन और द्वेष की भावना के चलते हत्या की साजिश रची थी।
घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से :
एक पिस्टल एवं मैगजीन
एक अतिरिक्त खाली मैगजीन
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी
हेमंत कुमार बघेल, उम्र 23 वर्ष
निवासी – वार्ड नं. 11, करही, थाना बिर्रा, जिला सक्ती
भूषण बघेल, उम्र 23 वर्ष
निवासी – वार्ड नं. 01, करही, थाना बिर्रा, जिला सक्ती
अमित टंडन, उम्र 28 वर्ष
निवासी – वार्ड नं. 09, करही, थाना बिर्रा, जिला सक्ती (छ.ग.)
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में 03 नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही तत्कालीन प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग स्वयं घटनास्थल पहुंचे तथा अधिकारियों की बैठक लेकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम करही में विशेष पुलिस कैम्प स्थापित कर रेंज के कई अधिकारियों को शामिल करते हुए रेंज स्तरीय टीम का गठन किया गया।
07 राज्यों तक पहुंची जांच
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली एवं जम्मू-कश्मीर सहित 07 राज्यों में दबिश दी।
जांच के दौरान :
200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए
तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए
संदिग्धों से लगातार पूछताछ की गई
साइबर एवं आसूचना टीम लगातार सक्रिय रही
“ऑपरेशन हंट” बना टर्निंग पॉइंट
प्रशिक्षण से लौटने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय सीधे ग्राम करही पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की समीक्षा की। इसके बाद “ ऑपरेशन हंट” की शुरुआत की गई और टीमों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी भूषण बघेल के पास पूर्व में अवैध हथियार देखा गया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक आयुष कश्यप और आरोपियों के बीच पुराने आर्थिक एवं व्यवसायिक विवाद थे।
हत्या के पीछे की वजह
पूछताछ में आरोपी भूषण बघेल ने खुलासा किया कि :
उसके भाई द्वारा लिए गए उधार के पैसों को लेकर मृतक के परिवार से लगातार विवाद चल रहा था
आरोपियों को मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक स्थिति और प्रभाव से जलन थी
व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा के कारण आरोपी स्वयं को नुकसान में महसूस कर रहे थे
इसी द्वेष और प्रतिशोध की भावना से हत्या की साजिश रची गई
वारदात को ऐसे दिया अंजाम
घटना की रात तीनों आरोपी मृतक के घर के आसपास पहले से मौजूद थे। अन्य सहयोगियों द्वारा CCTV कैमरा तोड़ने के बाद आरोपी घर में घुसे।
आरोपियों ने पहले मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद किया और फिर आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बीच-बचाव करने आए उसके छोटे भाई को भी गोली मारी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता एवं अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल के सतत् निर्देशन में , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, साइबर थाना जांजगीर, थाना बिर्रा, बम्हनीडीह, मुलमुला रेंज साइबर सेल एवं जिला पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।
उक्त घटना के खुलासे पर श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा पूरी टीम को शाबाशी देते हुए उचित ईनाम देने की घोषणा की है।


