नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मणिपुर से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अधिकारी ने शनिवार 23 सितंबर को यह जानकारी दी। उनका दावा है कि आरोपी म्यांमार स्थित टेरर ग्रुप का सदस्य है। वो मणिपुर में हो रही जातिया हिंसा का इस्तेमाल देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए करने की साजिश कर रहा था।
NIA के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान मोइरांगथेम आनंद सिंह के रूप में हुई है। उसे पूछताछ के लिए नई दिल्ली लाया गया है। वो उन पांच लोगों में से एक है जिन्हें मणिपुर पुलिस ने उनके गोदाम से लूटे गए हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

जांच एजेंसी ने खुद उसके खिलाफ केस दर्ज किया था
NIA ने 19 जुलाई को नई दिल्ली में खुद ही संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उन्हें जांच से पता चला था कि साजिश को आगे बढ़ाने के लिए वो सुरक्षा बलों पर हमले करने के लिए अपनी ताकत बढ़ा रहा है। वो कैडरों और समर्थकों की भर्ती कर रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि वो गैरकानूनी तरीकों से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक इकट्ठा कर रहा था, जिसमें सरकारी सुविधाओं और संसाधनों की लूट भी शामिल थी। फिलहाल उसे दिल्ली लाए जाने के बाद ज्यूडिशियल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
मणिपुर में इंटरनेट बैन हटा
मणिपुर में शनिवार 23 सितंबर को इंटरनेट से बैन हटा दिया गया है। यह बात CM एन बीरेन सिंह ने कही। इसके पहले 25 जुलाई को ब्रॉडबैंड सेवाएं सशर्त बहाल की गई थीं।
बीरेन सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि सरकार ने फेक न्यूज और हेट स्पीच को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट बैन किया था। हालात सुधरने के बाद इंटरनेट सर्विस बहाल की जा रही है।
पिछले दो महीनों में स्थिति में सुधार हुआ है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ गोलीबारी की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने यह दावा भी किया कि मौजूदा स्थिति पिछली सरकारों की अनियोजित नीतियों का नतीजा है, न कि किसी हालिया फैसले का तत्काल परिणाम है।