बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के घर जाकर हमला करने वाला आरोपी शनिवार देर रात ठाणे से गिरफ्तार हुआ। रविवार सुबह मुंबई पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें बताया कि आरोपी चोरी करने के इरादे से एक्टर के घर में घुसा था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके पास से जो चीजें मिली हैं, उसके आधार पर बांग्लादेशी होने का शक है।
पुलिस ने ये भी बताया कि उसका असली नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, जिसकी उम्र 30 साल है। भारत में अवैध रूप से आने के बाद उसने अपना नाम विजय दास रखा। वह पहली बार सैफ के अपार्टमेंट में घुसा था। उसने अपना नाम विजय दास रख लिया था। वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। यहां वह हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसकी कस्टडी मांगी जाएगी। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था। पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।आरोपी को पकड़ने के लिए 35 टीमें लगाई गई थीं।


