जांजगीर-चांपा 20 जुलाई 2026। विकसित भारत जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण का मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के तहत ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन एवं आधारभूत विकास कार्यों को गति मिल रही है। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आने के साथ गांवों में विकास की नई उम्मीद जगी है।
जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंड्री में नाला पर गेबियन स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य जोबी डूडमाही नाला में खम्हन के खेत के पास लगभग 4.75 हजार एवं बलदाऊ के खेत के पास 4.74 लाख की स्वीकृत राशि से कराया जा रहा है। इस संरचना के निर्माण से वर्षा जल का संरक्षण होगा, भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे जल संकट की समस्या में कमी आएगी और कृषि कार्यों को भी स्थायी आधार मिलेगा। साथ ही मिट्टी के कटाव पर नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिक कार्यरत हैं। श्रमिकों ने बताया कि विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से उन्हें अपने ही गांव में नियमित रोजगार मिल रहा है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। अब रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और परिवार के साथ रहते हुए सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित कर रहे हैं।
योजना से लाभान्वित हितग्राही श्री राकेश कुमार रोहिदास, श्री सुनील कुमार ताम्रकर, श्रीमती द्रौपदी बाई, श्रीमती छठबाई, श्रीमती अमरिका बाई, श्रीमती रूखमणी कश्यप, श्रीमती गुड्डी, श्रीमती सुनीता, श्रीमती लता देवी, श्रीमती राधा देवी, श्रीमती लक्ष्मीबाई, श्रीमती बसंती बाई एवं श्रीमती लक्ष्मीन बाई ने बताया कि उन्हें वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रतिदिन मिलने वाली मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। ग्रामीणों ने बताया कि योजना के माध्यम से गांवों में गेबियन स्ट्रक्चर, तालाब निर्माण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, अधोसंरचना विकास एवं अन्य जनहितकारी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन कार्यों से एक ओर प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा तो दूसरी ओर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर निरंतर रोजगार भी मिलेगा। ग्रामीणों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना रोजगार और विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। गेबियन स्ट्रक्चर जैसे स्थायी निर्माण कार्य आने वाले वर्षों में किसानों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और गांव आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



