प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा एक विशेष ‘प्रोफेशनल मीट’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर के डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी, शिक्षाविद, विद्यार्थी और अन्य बुद्धिजीवी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस संवादात्मक आयोजन का उद्देश्य केंद्र सरकार के बीते 11 वर्षों की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रोफेशनल समाज के समक्ष प्रस्तुत करना और उनके विचारों को सुनना था।
कार्यक्रम की एक विशेष बात यह रही कि स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में सक्रिय भागीदारी की। एक छात्र ने मंच से कहा की “हमने डिजिटल इंडिया को अपनी पढ़ाई और करियर का हिस्सा बना लिया है। श्री मोदी ने जो रास्ता दिखाया, उससे हम आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहे हैं।” इस प्रेरणादायक वक्तव्य पर पूरे मंच ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि युवा पीढ़ी मोदी सरकार की नीतियों से गहराई से प्रभावित है।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक पोस्टरों और प्रदर्शनी ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्यों, उपलब्धियों, योजनाओं और आंकड़ों को प्रभावशाली चित्रों के साथ दर्शाया गया। भारत की व्यापार सुगमता रैंकिंग 2014 में 142 से बढ़कर 2024 में 63 और लॉजिस्टिक्स रैंकिंग 54 से 38 तक पहुँचने की जानकारी को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। डिजिटल इंडिया, भारत नेट योजना, यूपीआई लेन-देन, इसरो की उपलब्धियाँ, इंटरनेट उपभोक्ताओं की वृद्धि आदि पर आधारित प्रदर्शनियाँ भी इस अवसर पर लगाई गई थीं।
कार्यक्रम में नारायण चंदेल (पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष), प्रेमचंद पटेल (विधायक कटघोरा), किशोर बुटोलिया कोरबा विभाग सहसंचालक, गोपाल मोदी (भाजपा जिला अध्यक्ष), श्रीमती संजू देवी राजपूत (महापौर, कोरबा), ज्योति नंद दुबे (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), आशीष खेतान (सीए), राजेन्द्र अग्रवाल, प्रदीप मंजूमदार, अशोक तिवारी (वरिष्ठ अधिवक्ता), जोगेश लांबा (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), अशोक चावलानी (पार्षद), हितानंद अग्रवाल (MIC सदस्य), महेश गुप्ता, डॉ. नागेन्द्र सहित अनेक बुद्धिजीवी वर्ग के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
इसमें छात्र-छात्राओं को डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से जुड़ने और आत्मनिर्भर भारत की नींव में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा आयोजित यह प्रोफेशनल मीट केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और विकास यात्रा का सशक्त प्रतिबिंब बन गया, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी ने इसे ज्ञानवर्धक, संवादात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


