जांजगीर-चांपा 26 जून 2025/ राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए जिले के सभी विभागों और कार्यालयों में ई-ऑफिस को लागू करने हेतु जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से ई-ऑफिस प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में एसडीएम श्री सुब्रत प्रधान, एसडीएम पामगढ़ श्री वहीदूर्रहमान शाह सहित जिले के सभी शासकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि ई-ऑफिस के तहत ई-फाइल प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे शासकीय कार्यों में गति, पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से नस्तियों का संचालन त्वरित होगा, साथ ही समय और कागज की भी बचत होगी। ई-फाइल की ट्रैकिंग सरल होगी, जिससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कोई फाइल कहां लंबित है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। मंत्रालय तथा विभागाध्यक्ष कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ने के पश्चात अब जिला स्तर पर भी इसे लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ई-ऑफिस प्रणाली से सरकारी कार्यों की गति, दक्षता और पारदर्शिता में अभूतपूर्व सुधार होगा। इस पहल से सरकारी प्रक्रियाओं में स्वचालन आएगा, जिससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी, निर्णय लेने की गति तेज होगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


