कोरबा: जिले के शंकर नगर और खरमोरा क्षेत्रों में अवैध देशी महुआ शराब की बिक्री की शिकायतों पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 14 लीटर महुआ शराब बरामद की है। पुलिस अधीक्षक को मिली शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
दिनांक 19 सितंबर 2024 को पुलिस टीम ने अटल आवास खरमोरा में दबिश दी, जहां शंकर नगर के मुरारी सिंह पावले (उम्र 47) के कब्जे से 07 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अप.क. 567/24 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी प्रकार, राजा गुप्ता (उम्र 22), निवासी अटल आवास खरमोरा से भी 07 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसके खिलाफ अप.क. 566/24 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है।
इसके अलावा, शंकर नगर की निवासी करन बाई ध्रुवे, गीता देवी केंवट, और मधु सिंह चंदेल के खिलाफ भी अवैध शराब बिक्री की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था, और वर्तमान में इनके विरुद्ध धारा 126 बी और 135 (3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक प्रमोद डनसेना, सउनि दुर्गेश राठौर, प्रआर राकेश सिंह, आर. जितेंद्र सोनी, आर. संदीप भगत और मआर रजनी का सराहनीय योगदान रहा।


